हडताल के चलते बंद पडी खेकड़ा की बैंक आफ इंडिया बैंक शाखा
- फोटो : KAHKRA
बागपत। श्रमिक संगठनों के बंद के आह्वान का असर जिले में भी रहा। बैंकों पर ताले लटके रहे। कर्मचारियों की हड़ताल और एटीएम में कैश नहीं होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ है।
सरकार पर कर्मचारी विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए श्रमिक संगठनों ने बंद का आह्वान किया था। बुधवार को जिले में सरकारी बैंकों पर ताले लटके रहे। निजी बैंकों में भी जमा निकासी नहीं हुई और चेक की क्लीयरेंस सेवाएं बाधित रही। इससे बैंकों में पहुंचे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। लेन-देन प्रभावित होने और क्लीयरेंस फंसने से व्यापारियों को दिक्कत उठानी पड़ी। बैंकों पर ताला लगते ही नगर के एटीएम भी खाली हो गए। दिनभर उपभोक्ता नकदी के लिए इधर से उधर घूमते रहे। एलडीएम प्रदीप थरोट का दावा है कि करीब 60 करोड़ रुपये का लेन देन प्रभावित हुआ है। उधर, बैंक कर्मचारी यूनियन के सचिव विक्रम आर्य का कहना है कि सरकारी, गैर सरकारी और एलआईसी मिलाकर करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ है। सभी बैंकों में चेक क्लीयरेंस में फंसे रहे।