दोघट। डीएम राजकमल यादव ने शनिवार को आदमपुर गांव का दौरा किया। इस दौरान स्वामित्व योजना के सर्वे के तहत उच्च प्राथमिक स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र एवं निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य उप केंद्र पर ताला लटका देख डीएम ने नाराजगी जताई। सीएमओ से दो स्वास्थ्य कर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्टीकरण देने तक सीएचसी अधीक्षक का भी वेतन रोकने के निर्देश दिए।
आदमपुर गांव पहुंचे डीएम ने स्वामित्व योजना के तहत ड्रोन कैमरों से कराए गए ग्रामीण आबादी क्षेत्र के सर्वे का निरीक्षण किया। डीएम ने प्राथमिक व जूनियर स्कूल, स्वास्थ्य उप केंद्र, निर्माणाधीन पंचायत भवन एवं पूर्व प्रधान धनराज सिंह का मकान देखा। धनराज के मकान का नंबर ड्रोन कैमरे एवं नक्शे के अनुसार 30 नंबर ही मिला। डीएम ने स्वास्थ्य उप केंद्र पर ताला लटका देख सख्त नाराजगी जताई। सीएमओ को इससे अवगत कराते हुए उप केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिस स्वास्थ्य केंद्र के अधीन यह उप केंद्र आता है, उसके अधीक्षक का भी जब तक वेतन रोका जाए जब तक वह स्पष्टीकरण न दे दे। इस मौके पर एसडीएम बड़ौत दुर्गेश मिश्रा, सीओ बड़ौत आलोक कुमार, तहसीलदार बड़ौत प्रदीप कुमार, लेखपाल प्रमोद कुमार, बिलकेश भी मौजूद रहे।