-जिला आबकारी अधिकारी ने स्कूल व मस्जिद से दुकानों की उचित दूरी बताकर सीडीओ को भेजी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बिजरौल में आबादी क्षेत्र से शराब की दुकानें नहीं हटाई जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी ने शराब की दुकानों की स्कूल व मस्जिद से उचित दूरी बताते हुए रिपोर्ट सीडीओ को भेज दी।
भाकियू संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष कोहित तोमर ने 19 मार्च को किसान दिवस में सीडीओ तथा एसडीएम को ज्ञापन देकर ग्राम बिजरौल में शराब की दुकानों को गांव के बाहर शिफ्ट कराने की मांग की थी। उनका तर्क था कि शराब की दुकान के एक तरफ मंदिर तथा दूसरी तरफ मस्जिद है। शराब के ठेके के पास से होकर बच्चे स्कूल आते-जाते हैं।
सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी ने जांच कराई। उन्होंने सीडीओ को भेजी जांच रिपोर्ट में कहा कि ग्रामवासियों की मौजूदगी में पैमाइश कराई गई। शराब की दुकानों से स्कूल व मस्जिद की दूरी करीब 150 से 210 मीटर है। इसलिए शराब की दुकानों को नहीं हटाया जा सकता है।