डीएम के आदेशों का प्राइवेट स्कूलों ने उल्लंघन किया। अवकाश के बाद भी ठिठुरते हुए बच्चे स्कूल पहुंचे। बड़ौत के एक प्राइवेट स्कूल की शिकायत बीएसए से की गई है। बागपत में भी कुछ स्कूल खुले रहे।
डीएम हृदय शंकर तिवारी के निर्देश पर बीएसए ने बुधवार के दिन अवकाश घोषित किया था, लेकिन आदेशों का पालन नहीं हुआ। जिले में कई जगहों पर प्राइवेट स्कूल खोले गए। नन्ने-मुन्ने बच्चों को ठिठुरती सर्दी में स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बड़ौत के पट्टी चौधरान निवासी विनय कुमार तोमर ने बीएसए को शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि उसकी पुत्री बड़ौत के एक स्कूल में पढ़ती है। बुधवार को अवकाश होने के बाद भी स्कूल को खोला गया।
कोहरे में बच्ची को स्कूल छोड़ने जा रहे थे उसी दौरान हादसा होने से बच गया। स्कूल संचालक से अवकाश करने को कहा गया तो उसके साथ अभद्रता की गई। विनय कुमार ने स्कूल संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने मांग की है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर प्राइवेट स्कूल खोले गए। उधर, बागपत में भी कई स्कूल खुले रहे।
जांच में एसडीएम को खुले मिले स्कूल
बड़ौत। जिलाधिकारी के कक्षा आठ तक के स्कूली बच्चों की छुट्टी करने के बाद भी निजी स्कूलों में छुट्टी न करने की शिकायत पर एसडीएम ने पुलिस के साथ कई स्कूलों में छापे मारे, वहां 8वीं तक के बच्चों के स्कूल खुले मिले। उन्होंने स्कूल खोलने पर नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी हृदय शंकर तिवारी ने सर्दी को देख जनपद के कक्षा 8वीं तक के कक्षाओं की बच्चों की स्कूली छुट्टी घोषित की, लेकिन नगर में कुछ निजी स्कूलों में छुट्टी नहीं की। इसकी शिकायत मिलने पर एसडीएम दीपाली कौशिक और कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार के साथ वनस्थली स्कूल में छापा मारा, वहां कक्षा 8वीं के बच्चे स्कूल में मिले। वहीं जेपी पब्लिक स्कूल में भी 8वीं तक की कक्षाएं चलती मिली। एसडीएम ने संबंधित स्कूल संचालकों को हड़काया। एसडीएम ने बताया स्कूलों की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।