परिजनों ने दोस्त पर लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर निवासी मजदूर की रविवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने मजदूर के दोस्त पर शराब के नशे में नुकसानदेह पदार्थ खिलाने आरोप लगाया।
सिंघावली अहीर निवासी मजदूर जितेंद्र (35) पुत्र जोगराज मजदूरी करता था। मृतक के भाई अमित ने बताया कि जितेंद्र का दोस्त अजीत उसे मजदूरी के रुपये देने के बजाय कई दिन से लगातार शराब पिला रहा था। आरोप है कि कई बार मना करने के बावजूद उसने जितेंद्र को शराब पिलाना बंद नहीं किया। जितेंद्र रविवार को भी मजदूरी पर गया था, लेकिन शाम को शराब के नशे में रास्ते में ही गिर पड़ा। तूफान और बारिश में भीगते हुए गांव के ही प्रह्लाद ने उसे घर पहुंचाया। घर पहुंचकर जितेंद्र ने पेट में दर्द हुआ। परिजनों ने उसे निजी चिकित्सक से दवा दिला दी। आराम नहीं लगने पर परिजन उसे नर्सिंग होम लेकर जाने लगे, मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने मृतक के दोस्त पर शराब में नुकसानदेह पदार्थ खिलाने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।