लॉकडाउन के समर्थन में बंद की गई रटौल गांव की गली
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। कोरोना के संक्रमण से देश को बचाने के लिए लॉकडाउन किया गया। इस पहल से भी आगे निकलते हुए, जिले में कई जगह लोगों ने आवागमन रोकने के लिए सरहदें खड़ी कर दी हैं। कहीं बल्लियां लगाई गई हैं तो कहीं तारबंदी की गई है। किसी गांव में घुसने से पहले लोगों से पूछताछ की जा रही है। गली-मोहल्लों की इस नाकेबंदी के जरिए लोग कोरोना के संक्रमण को हराने का प्रयास कर रहे हैं। घर में रहने की इस जिद का स्वागत किया जाना चाहिए। दुनिया के बड़े-बड़े डॉक्टर यह बता चुके हैं कि घर में रहने से ही संक्रमण से बचा जा सकता है। जिस कारण लोगों की यह पहल भी संक्रमण फैलने से रोकने में बड़ी कारगर साबित होगी।
यह गांव बन गए नजीर
बागपत। लोयन मलकपुर, गांगनौली, कान्हड़, मुबारिकपुर गांव ने सार्थक पहल की। आवाजाही कर रहे लोगों से पूछताछ की गई। नगर की मास्टर कॉलोनी, वार्ड नंबर तीन को पूरी तरह बंद कर दिया गया।
इसलिए ऐसा किया
बागपत। मुबारिकपुर गांव के सचिन कुमार, गली नंबर तीन निवासी सोनू सभासद का कहना है कि बिना वजह की आवाजाही रोकने के लिए यह पहल की गई है। उन्हें अपनी कॉलोनी और गांव के लोगों की चिंता है, उनके हित में ऐसा किया गया है।
किसने क्या कहा
- शहर काजी हबीबुर्रमान ने कहा कि लोगों को अपने घरों में रहना चाहिए। सरकार के निर्देशों का पालन करें। संक्रमण को रोकना होगा।
- देशखाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि अपने-अपने गांव और क्षेत्र की जिम्मेदारी निभाएं। परिवार को भी घर में रहने की सीख दें।
बाजार में घूमने वाले संभल जाएं
बागपत। बिना वजह बाजार में घूमने वाले लोगों को सीख लेने की जरूरत है। भीड़ से संक्रमण बढ़ और फैल सकता है। एसडीएम रामनयन का कहना है कि भीड़ से बचकर ही संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।