क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में कुछ युवकों ने की वारदात
सीने में लगी गोली, गंभीर हालत में निजी अस्पताल से मेरठ रेफर
सीओ और इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंच कर ली मामले की जानकारी
बड़ौत (बागपत)। महावतपुर बावली गांव में मंगलवार की शाम क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में एक किशोर को कुछ युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया। उसे नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर सीओ और इंस्पेक्टर गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
महावतपुर गांव की पट्टी खोब्बा का रहने वाला 16 वर्षीय विपिन पुत्र सुरेंद्र गांव के बाहर स्थित मैदान में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहा था। इसी दौरान उसका वहां मौजूद कुछ युवकों से खेलने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली सीने में लगने से वह घायल हो गया। फायरिंग होने से मैदान पर भगदड़ मच गई। हमलावर भी भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल विपिन को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।
सूचना पर सीओ आलोक कुमार, इंस्पेक्टर अजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।