बागपत के छपरौली थाना क्षेत्र के गांव आदर्श नंगला के एक युवक की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। बुधवार को उसका जला हुआ शव बड़ौत-छपरौली मार्ग पर सिनौली और मलकपुर गांव के बीच पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
बुधवार की सुबह छपरौली थानाध्यक्ष विजय सिंह को सूचना मिली कि बड़ौत-छपरौली मार्ग पर सिनौली और मलकपुर गांव के बीच एक युवक का जला हुआ शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कोकब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। एसओ के मुताबिक मृतक के गले में रस्सी का फंदा बंधा हुआ था। जिससे स्पष्ट था कि उसकी फांसी लगाकर हत्या की गई है। इसके बाद उसके शव को जला कर यहां फेंका गया है।
शरीर का अधिकांश हिस्सा जल चुका है। युवक के दाहिने हाथ पर अनुज और पूजा लिखा हुआ था। उम्र करीब 25 वर्ष है। उधर, शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। एसओ ने बताया कि शव की शिनाख्त अनुज उर्फ गुलाब पुत्र रविंद्र निवासी आदर्श नंगला गांव के रूप में हुई है। पिता रविंद्र ने उसकी शिनाख्त की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के कारणों की तलाश की जा रही है। बुधवार की शाम तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
मंगलवार की रात घर से गया था
बड़ौत। पिता रविंद्र ने बताया कि अनुज मंगलवार की रात दस बजे यह कहकर गया था कि वह सुबह आएगा। हाथ पर जो पूजा नाम लिखा है, उसकी पत्नी का है। उन्होंने किसी से रंजिश न होने की भी बात कहीं है। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया था।