बागपत। मवीकलां गांव में वर्ष 2016 में हरियाणावी गायिका सपना चौधरी के कार्यक्रम के दौरान बवाल होने पर दर्ज मुकदमे में सोमवार को खेकड़ा के पूर्व ब्लाक प्रमुख और वर्तमान ब्लाक प्रमुख के पति ने कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर दिया। जहां से उनको तुरंत ही जमानत मिल गई।
अधिवक्ता अमित तोमर ने बताया कि वर्ष 2016 में मवीकलां गांव में रागिनी कार्यक्रम कराया था। जिसकी अनुमति ली गई थी। जहां हरियाणवी गायिका व डांसर सपना चौधरी के पहुंचने पर अधिक भीड़ इकट्ठा हो गई और व्यवस्था बिगड़ गई थी। जिससे वहां काफी बवाल हुआ था।
इस मामले में पुलिस ने तत्कालीन ब्लाक प्रमुख जितेंद्र धामा और वर्तमान ब्लाक प्रमुख के पति प्रविंद्र धामा समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसमें सोमवार को पूर्व ब्लाक प्रमुख व वर्तमान ब्लाक प्रमुख के पति ने कोर्ट में सरेंडर किया।