बागपत के पुरा महादेव में जलाभिषेक को उमड़े शिवभक्त।
- फोटो : अमर उजाला
अमीनगर सराय (बागपत)। पुरा गांव के श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कांवड़ियों ने मंदिर परिसर में तिरंगा लहराया और महादेव के नाम के जयकारे लगाए। शिवभक्तों की लंबी कतार लगी रही। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार और एसपी जयप्रकाश ने सुरक्षा व्यवस्था देखी। देर रात तक लाखों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
श्रावण माह की शिवरात्रि पर बुधवार सुबह दो बजकर 10 मिनट पर त्रयोदशी का जलाभिषेक शुरू हो गया था। त्रयोदशी लगते ही कांवड़िए कतार में लगने शुरू हुए और महादेव का जलाभिषेक किया। हरिद्वार, गंगोत्री और ऋषिकेश से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों ने शिव के जयकारे के साथ ऐतिहासिक शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। पुरा गांव के मंदिर पर बागपत, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कांवड़ियों ने भी त्रयोदशी पर पुलिस, पीएसी, आरएएफ और कमांडो की कड़ी सुरक्षा के बीच जलाभिषेक किया। बृहस्पतिवार रात 10 बजकर 45 मिनट पर चतुर्दशी के शुभ मुहुर्त का जलाभिषेक होगा।
बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे तक तक करीब 15 लाख कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। बृहस्पतिवार रात त्रयोदशी और चतुर्दशी के बाद मेले के समापन तक करीब 25 लाख कांवड़ियों के जलाभिषेक कर लिए जाने का अनुमान है। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम विवेक कुमार यादव ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से जलाभिषेक और मेला चल रहा है। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार, एसपी जयप्रकाश, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम खेकड़ा आशीष कुमार, एसडीएम बड़ौत अरविंद कुमार मौजूद रहे।