बड़ौत। लुधियाना, बदायूं, उन्नाव, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ सहित देश के अनेक राज्यों से आकर अलग-अलग जगहों पर जाकर मजदूरी करने वाले मजदूर लॉकडाउन में हाथ फैलाने को मजबूर हैं। लोगों के लिए बहुमंजिला इमारतें खड़ी करने वाले इन मजदूरों को मजदूर दिवस पर दर्द छलक गया। मजदूरों ने कहा कि वह अपने घर जाना चाहते हैं।
शुक्रवार को बड़ौत कोतवाली पहुंचे उन्नाव के हाजीपुर अगेरा गांव के रहने वाले श्रवण ने बताया कि लुधियाना में दहाड़ी पर काम करते है, लॉकडाउन के चलते काम बंद हो गया। एक माह से ज्यादा समय से मजदूरी नहीं मिल रही है। रोज-रोज पेट के लिए हाथ फैलाना पड़ रहा है, इससे अच्छा है कि सभी को उनके गांव भेज दिया जाए। साजन का कहना है कि घर छोड़कर मेहनत से अपने व परिवारों का पेट भरते हैं, सामान खत्म हो चुका है। यहां तक कि चप्पल-जूते तक नहीं हैं। ऐसे में सरकार को उन्हें उनके घरों तक भेजने की व्यवस्था कर देनी चाहिए।