संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। रटौल नगर पंचायत में जुनैद फरीदी शुक्रवार को दोबारा से चेयरमैन की कुर्सी संभालेंगे, उनको हटाने के आदेश हाईकोर्ट ने 7 अगस्त को निरस्त कर दिए थे। इसके बाद भी अधिकारी उनको चार्ज नहीं सौंप रहे थे। वह दोबारा से हाईकोर्ट गए और अब डीएम दिव्यांशु पटेल ने उनको चार्ज दिए जाने के आदेश एसडीएम खेकड़ा को जारी किए। रटौल नगर पंचायत के चेयरमैन पद के मई 2023 में हुए चुनाव में निर्दलीय जुनैद फरीदी ने 540 वोटों से जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा प्रत्याशी हाजी मुंतजिर दूसरे स्थान पर रहे थे। हाजी मुंतजिर ने चुनाव के बाद न्यायालय में याचिका दायर कराते हुए कहा था कि जुनैद फरीदी के नामांकन पत्र के साथ जमा किए गए शपथपत्र में आपराधिक इतिहास, करोड़ों रुपये की संपत्ति का विवरण, बैंकों से लिए गए कर्ज की जानकारी छिपाई गई है।
इस मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश पवन कुमार राय ने 7 मार्च 2026 को जुनैद फरीदी के नामांकन पत्र और शपथ पत्र को शून्य घोषित करने का आदेश दिया था। इसके आधार पर डीएम अस्मिता लाल ने 14 मार्च को दूसरे स्थान पर रहे हाजी मुंतजिर को चेयरमैन बनाने के आदेश दिए और 16 मार्च को एसडीएम खेकड़ा ने उनको शपथ दिलाई।
इन सभी आदेशों के खिलाफ जुनैद फरीदी हाईकोर्ट में चले गए। हाईकोर्ट ने 7 अगस्त को पुराने सभी आदेश निरस्त कर दिए। इसके साथ ही शपथ ग्रहण की कार्रवाई को अवैध बताते हुए कहा था कि दो से ज्यादा प्रत्याशी चुनाव में होने पर दूसरे स्थान वाले को चेयरमैन नहीं बनाया जा सकता था।
इसके बाद भी प्रशासन ने जुनैद फरीदी को चेयरमैन का चार्ज नहीं सौंपा, जिससे जुनैद फरीदी ने अफसरों के खिलाफ दोबारा हाईकोर्ट में याचिका डाल दी। इस तरह अफसर फंसते दिखे तो अब उनको चार्ज देने के आदेश दिए गए। डीएम दिव्यांशु पटेल के अनुसार हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार चार्ज देने के लिए आदेश दिए गए हैं।