बड़ौत। ज्वाइंट डायरेक्टर शिक्षा विभाग इलाहाबाद के औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया। ज्वाइंट डायरेक्टर ने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
इस दौरान लापरवाही मिलने पर शिक्षकों को हड़काया। इसके बाद उन्होंने डायट का निरीक्षण किया। वहां सभी रिकार्ड पूरे मिले। शिक्षा व्यवस्था दुरस्त रखने और रिकार्ड पूरा रखने पर ज्वाइंट डायरेक्टर ने एबीएसए की सराहना की और ऐसे ही कार्य जारी रखने के निर्देश दिए।
ज्वाइंट डायरेक्टर शिक्षा विभाग इलाहाबाद शील वर्मा ने शनिवार को क्षेत्र के ढिकाना, बड़का, औसिक्का समेत कई गांवों के विद्यालयों का निरीक्षण किया तो शिक्षा विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय मेें मिड-डे मील की व्यवस्था, ड्रेस, किताबें और शिक्षा के स्तर की जांच की।
शिक्षण कार्य के दौरान विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति और प्रत्येक बच्चे पर ध्यान न देने पर शिक्षण कार्य करा रहे शिक्षकों को हड़काया। इसके बाद उन्होंने डायट कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्लास टीचिंग, भौतिक परिवेश का मूल्यांकन, प्रशिक्षण कार्य, पाठ्य योजनाएं और विभागीय रिकार्डों की जांच की।
इस दौरान ज्वाइंट डायरेक्टर शील वर्मा ने शिक्षा व्यवस्था दुरस्त रखने पर एबीएसए डॉ. प्रभात की सराहना की और ऐसे ही कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान बीएसए डॉ. एमपी सिंह, डायट प्राचार्य डॉ. संजय रस्तौगी, एबीएसए डॉ. प्रभात कुमार, जय सिंह यादव, राजीव आदि शामिल रहे।