बड़ौत। मुजफ्फनगर मार्ग स्थित सन सिटी कॉलोनी में सोमवार को प्रापर्टी डीलर से तमंचे के बल पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक लाख रुपये लूट लिये। विरोध करने पर उसे मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
ग्राम रठौड़ा निवासी प्रापर्टी डीलर अनुज कुमार नगर की बिजरौल रोड स्थित नई विकसित की जा रही कॉलोनी सन सिटी में थे। वह मजदूरों से काम करा रहे थे। इस दौरान बाइक पर सवार होकर दो बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने तमंचे के बल पर उनसे एक लाख रुपये लूट लिये। विरोध करने पर मारपीट करके हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इसकी जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने दो नामजद तथा एक अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। वहीं, सीओ युवराज सिंह का कहना है कि यह मामला लूट का नहीं मारपीट का है। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार करेगी। संवाद