संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शहर के बड़ौत रोड स्थित गेस्ट हाउस में जनसत्ता पार्टी की बैठक हुई, जिसमें पूर्व सांसद अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों के मुद्दों को लेकर पार्टी चुनाव मैदान में आएगी। साथ ही उनकी समस्या को उठाकर निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत जनता से जुड़ा हुआ है और पार्टी जनता को साथ लेकर चलती है। हर वर्ग के लोगाें का सम्मान किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य किसानों, गरीबों व मजदूरों के हित में कार्य करना है ताकि उन्हें अधिकार दिलाया जा सके। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों से चुनाव की तैयारियों में जुटने और लोगों को जोड़ने के लिए कार्य करने का संकल्प दिलाया। युवा जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह ढाका ने कहा कि एकजुट होकर सभी कार्य करेंगे और पार्टी के प्रत्याशियों को जीत दिलाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव डाॅ. कैलाशनाथ ओझा, प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक विनोद सरोज, बलबीर सिंह, अक्षय चौहान, अंकुश चौहान, रमेश कुशवाह, सतीश चौहान आदि मौजूद रहे।