चार दिन में बुखार से मरने वालों की संख्या हुई 11
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय/चांदीनगर । जिले में बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। शुक्रवार को डौला और चांदीनगर गांव में दो महिला सहित तीन लोगों की बुखार से मौत हो गई। जिले में चार दिन में बुखार से मरने वालों की संख्या अब 11 हो गई।
जिले में कोरोना संक्रमण के साथ जानलेवा बुखार भी तेजी से बढ़ रहा है। चार दिन में खेकड़ा क्षेत्र में चार महिला सहित पांच लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। इनके अलावा बुखार से चांदीनगर में दो और अमीनगर सराय में एक मौत हो चुकी है। शुक्रवार को जिले में बुखार से तीन मौतें और हुई है। इनमें दो महिलाओं की डौला गांव और चांदीनगर के रटौल गांव में एक युवक की मौत हुई है। शुक्रवार को बुखार से डौला गांव में बुखार से रमेश (60) पत्नी सतपाल और शीला (55) पत्नी पूरण की बुखार से मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों महिलाएं पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित चल रही थी। उधर, चांदीनगर के रटौल गांव के निजामुद्दीन (45) पुत्र नूरहसन की बुखार से मौत हो गई। उसके भाई साबिर ने बताया कि मृतक पिछले तीन दिन से बुखार से पीड़ित था। शुक्रवार को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, मगर ऑक्सीजन की कमी होने के कारण वह उसे भर्ती कराने के लिए खेकड़ा ले गए। उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।