बागपत तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्या सुनती डीएम अस्मिता लाल । संवाद
- फोटो : kathua
बागपत। तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस केवल पंजीकरण केंद्र बनकर रह गए हैं। पंजीकरण के बाद महीनों तक शिकायतें निस्तारित नहीं होने से फरियादी चक्कर काटते रहते हैं। यहां शनिवार को तहसील में फिर संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। वहां काफी ऐसे फरियादी पहुंचे, जिनको छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कई-कई महीने से चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उनको हर बार केवल आश्वासन मिलता है।
बागपत तहसील में डीएम अस्मिता लाल और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने लोगों की समस्याओं को सुनकर अधीनस्थों को निस्तारण का निर्देश दिया। राजस्व, पेंशन, जमीन पर अवैध कब्जा हटवाने आदि से संबंधित 55 शिकायतें आई, जिनमें से केवल नौ का मौके पर निस्तारण हो सका। बड़ौत तहसील में 35 शिकायतों में से पांच का निस्तारण हो सका तो खेकड़ा तहसील में मात्र नौ शिकायत आई, जिनमें दो का ही निस्तारण हुआ।
इस तरह कुल 99 शिकायतों में से मौके पर अधिकारी 16 का ही निस्तारण करा सके। बाकी 83 शिकायतें निस्तारण होने का इंतजार करती रह गईं। डीएम अस्मिता लाल ने जरूर अधीनस्थों को जल्द सभी समस्याओं के निस्तारण के आदेश दिए। कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए।