संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने शुक्रवार को जूप एप पर मुख्यमंत्री सुमंगला योजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्रों को योजना का लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में 1138 आवेदन लंबित हैं। इनमें 322 आवेदन की खाता संख्या मिसमैच हैं। उन्होंने सभी आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिले में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में अब तक 15046 आवेदन हुए। इनमें 11885 आवेदन भुगतान के लिए भेजे थे। 8715 पात्रों को एक करोड़ 53 लाख 53 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है। योजना का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या समाप्त करना, लैंगिक अनुपात स्थापित करना, बाल विवाह की कुप्रथा रोकना, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को प्रोत्साहन देना तथा समाज में बालिकाओं के लिए सकारात्मक सोच विकसित करना है। वोटर आईडी व आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पिता का आईडी व आधार कार्ड, पात्र श्रेणी प्रमाण पत्र, शपथ पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थी को छह श्रेणी में 15 हजार रुपये दिए जाते हैं।
उन्होंने महिला कल्याण विभाग को लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान करने के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। इसमें बालिका के जन्म होने पर दो हजार रुपये, बालिका के एक वर्ष तक के पूर्ण टीकाकरण के बाद एक हजार रुपये, कक्षा एक में प्रवेश के बाद दो हजार रुपये, कक्षा में प्रवेश के बाद दो हजार रुपये, कक्षा नौ में प्रवेश के बाद तीन हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करके स्नातक या दो वर्षीय या आर्थिक अवधि के डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेेने पर पांच हजार रुपये देने का प्रावधान है।