डूडा के अफसरों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में हर हथकंड़ा अपनाकर किया घोटाला
डीएम से ऊपर होकर पहले खुद किश्त जारी कर दी, डीएम के हस्ताक्षर बाद में कराए
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। प्रधानमंत्री आवास योजना में डूडा के अधिकारियों ने ऐसे खेल किए, जिन्हें देखकर अधिकारी भी चौंक रहे हैं। एक मकान के लिए दो-दो लोगों को रुपये दिए तो डीएम के हस्ताक्षर से पहले ही किस्त जारी कर दी। इस तरह के खेल सामने आने पर डीएम ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक मकान के लिए केवल एक व्यक्ति को रुपये दिए जाते हैं। वे भी योजना के तहत सभी नियमों को पूरा करने पर जांच करके किस्त जारी की जाती है। दोघट के कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें एक ही मकान के लिए दो-दो लोगों को ढ़ाई-ढ़ाई लाख रुपये दे दिए। बड़ौत में ऐसा भी मामला सामने आया है, जिसमें पहले से बने हुए एक गोदाम के चारों दरवाजों पर योजना की प्लेट लगवाकर दस लाख रुपये जारी कर दिए। इसके बाद दरवाजों से प्लेट हटवा दीं। इस तरह बड़ा खेल डूडा में किया जा रहा है।
डीएम से बड़े डूडा के अधिकारी
डूडा में आवेदन करने के बाद जांच कराई जाती है और पात्र होने पर फाइल पर डीएम के हस्ताक्षर कराए जाते हैं। इसके बाद ही किस्त जारी की जाती है। यहां डूडा के अधिकारियों के लिए डीएम भी कोई मायने नहीं रखते हैं। डीएम के हस्ताक्षर के बिना ही किस्त जारी कर दी गई और उन फाइलों पर डीएम के बाद में हस्ताक्षर कराए गए। ऐसे कई मामले सामने आए हैं।
इस तरह के जितने भी मामले आ रहे हैं, सभी की जांच कराई जा रही है। इसमें दोषी पाए जाने वाले डूडा के कर्मचारी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-राजकमल यादव, डीएम