बड़ौत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री
- फोटो : amar ujala
बागपत में शनिवार को गलन के कारण सर्द हवाएं तीर की तरह चुभती रही। धूप दिनभर दिखाई नहीं दिया। शाम को तेज हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी।
बीते एक सप्ताह से मौसम के करवट बदलने से जन जीवन प्रभावित है। शनिवार को सुबह से ही कोहरा छाया रहा। वहीं दिनभर धुंध के चलते लोग ठिठुरते रहे। सर्द हवाओं से ठंड और गलन ने लोगों को बेहाल किया। सुबह आसमान साफ रहा, लेकिन हवाएं तेज रही। बर्फीली हवा के कारण लोग कांपते रहे। दिनभर लोग सर्दी से जूझने के लिए व्यवस्थाओं में लगे रहे। ठंड का असर यह रहा कि सड़कों पर मॉनिंग वॉक के लिए कम ही लोग दिखे। स्कूलों में भी छात्रों की उपस्थिति कम रही। शाम को स्थिति और भयावह हो गई। ठंड इस कदर अपना रूप दिखाया कि चार बजते-बजते पूरे शहर में सन्नाटा पसर गाया। आम लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
छात्रों और शिक्षकों की छुट्टी पर नजर
बड़ौत। ठंड के बढ़ते प्रभाव के चलते इस साल भी शिक्षकों व छात्रों की नजर छुट्टियों की तरफ लगा रहा। पूरे दिन मोबाइल पर छुट्टी होने की सूचना एक-दूसरे से शिक्षक पूछते रहे। कई शिक्षकों ने बताया गरीब परिवार के बच्चे ही परिषदीय विद्यालयों में पढ़ते हैं। उनके शरीर पर एक अदद ऊनी कपड़ा तक नहीं है। ऐसे में हम लोग सहमे है कि किसी भी बच्चे को ठंड लग गई तो उसके लिए सीधे शिक्षक जिम्मेदार होंगे।
रेलवे स्टेशन पर घंटों कर रहे इंतजार
खेकड़ा। घने कोहरे एवं ठंड के चलते दिल्ली शामली, सहारनपुर मार्ग पर ट्रेनों का संचालन देरी से होने के चलते यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं मार्गों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। विगत तीन दिनों से पड़ रहा घना कोहरा सुबह ट्रेनों एवं मार्गों पर चलने वाले वाहनों की गति धीमी है। सुबह दस से ग्यारह बजे तक कोहरा अधिक होने के कारण दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनें निर्धारित समय से एक से डेढ़ घंटा विलंब से पहुंच रही है। साथ ही मार्गों पर चलने वाले वाहन भी धीमी गति से चलने के कारण यात्री अपने गंतव्यों तक देरी से पहुंचने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी नौकरी करने वाले लोगों को समय से ड्यूटी न पहुंचने पर हो रही है।