बागपत। डीएम राजकमल यादव ने सोमवार को कोविड-19 इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ संक्रमण को नियंत्रित करने के संबंध में बैठक की।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोविड टेस्टिंग व कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। कहा कि संदिग्ध मरीजों को मेडिसन किट उपलब्ध कराई जाए। गांवों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए स्क्रीनिंग और टेस्टिंग अभियान निरंतर संचालित किया जाए। इस दौरान डीएम ने अस्पताल में भर्ती संक्रमितों से वार्ता कर उनके स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। उनके स्वस्थ होने की कामना की। डीएम ने कोविड कंट्रोल रूम में आने वाली कॉल के बारे में संबंधित अधिकारी को अवगत कराने और मरीज या उनके परिजनों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चिकित्सकों को प्रत्येक मरीज से प्रतिदिन फोन करके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अमित सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा मौजूद रहे।