बागपत। एकमुश्त समाधान योजना के पहले चरण में जिले के 24 हजार उपभोक्ताओं ने ऊर्जा निगम के खाते में 19.29 करोड़ रुपये का बिल जमा किया, जबकि 1.15 लाख उपभोक्ताओं पर 126 करोड़ रुपये बकाया रह गया है। अब योजना के दो चरणों में शेष उपभोक्ताओं का बिल जमा कराने के लिए नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं।
तीन चरणों में शुरू हुई ऊर्जा निगम की एकमुश्त समाधान योजना में 1.39 लाख उपभोक्ताओं से 149 करोड़ रुपये बिल जमा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। 15 से 31 दिसंबर तक चले पहले चरण में घरेलू, वाणिज्यिक, औद्योगिक उपभोक्ताओं ने 16 दिन में 19.29 करोड़ रुपये बिल जमा किया गया। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता केपी खान ने बताया कि एक जनवरी से दूसरा चरण शुरू हो चुका है। इसमें शेष उपभोक्ताओं से बकाया बिल जमा कराया जाएगा। इसके लिए ऊर्जा निगम की टीमें सूची बनाकर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके अलावा बिजली कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं।