बागपत। विकास भवन में किसान बैठक में जमकर हंगामा हुआ। जहां किसान पहले अफसरों संग और उसके बाद आपस में भिड़ गए। किसानों ने गन्ना बकाया भुगतान नहीं मिलने पर सीएम के कार्यक्रम का विरोध करने का ऐलान भी किया। बकाया गन्ना भुगतान समेत अन्य समस्याओं के समाधान नहीं होने पर किसानों और अधिकारियों के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई।
बुधवार को विकास भवन के सभागार में आयोजित किसान बैठक में किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान कराने की मांग की। किसानों ने मलकपुर चीनी मिल के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई। किसान बकाया गन्ना भुगतान दिलाने की जिद पर अड़ गए और अफसरों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। इसके साथ ही बकाया गन्ना भुगतान नहीं मिलने पर सीएम के कार्यक्रम का विरोध करने की ऐलान किया।
एडीएम पंकज वर्मा ने किसी तरह किसानों को शांत कराया और बकाया गन्ना भुगतान जल्द दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिकारियों के सामने पहले समस्या रखने को लेकर किसानों में कई बार आपस में नोकझोंक हुई। इस तरह वहां बार-बार हंगामा चलता रहा। गन्ना क्रय केंद्रों के निर्धारण को लेकर भी कई बार हंगामा हुआ। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, राजेंद्र चौधरी, दीपक शर्मा, आदित्य, जितेंद्र शर्मा, मोहब्बत अली, शाहिद ठेकेदार मौजूद रहे।
-
गांव में नहीं घुस पाएंगे बिजली वाले
किसान रविंद्र मुखिया ने कहा कि ऊर्जा निगम के उत्पीड़न से किसान परेशान है। बकाया भुगतान नहीं मिलने के कारण नलकूप और घरेलू बिजली कनेक्शन के बिल जमा नहीं हो पाए। अब ऊर्जा निगम के कर्मी गांव में आते हैं और कनेक्शन काटने का डर दिखाकर अवैध वसूली कर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि गन्ना भुगतान मिलने तक बिजली वालों को भी गांव में नहीं घुसने दिया जाएगा।
-
धरने पर बैठे भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष
किसान बैठक में बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसान भड़क गए। इसके बाद भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष नरेशपाल कुर्सी से उठे और बैठक में ही बीचोबीच धरने पर बैठ गए। उन्होंने भुगतान मिलने तक धरना देने की चेतावनी दी। तब एडीएम और भाकियू जिलाध्यक्ष के समझाने पर धरने से उठे।
दुकानदारों को दुकानें दिलवाने की मांग
भाकियू नेता हिम्मत चौधरी ने कहा कि अग्रवाल मंडी टटीरी में रेलवे ने कुछ समय पहले कस्बे में दुकानें तोड़कर दुकानदारों को बेरोजगार कर दिया था। उन्होंने कहा कि बाद में हुई बैठक में रेलवे के अधिकारियों ने नगर पंचायत की दुकानें किराये पर दिलानवाने की बात कही थी। उन्होंने दुकानदारों को नगर पंचायत की दुकानें किराये पर दिलाने की मांग की।
यमुना किनारे बनवाएं जाए पुस्ते
भाकियू तोमर गुट के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि यमुना में बाढ़ आने से कई गांवों में कटान हुआ। उन्होंने कटान रोकने के लिए पुस्ता टांडा गांव तक बनवाने की मांग की, जिससे बाढ़ के समय किसानों का नुकसान होने से बचाया जा सके।
दो किलो कम राशन दे रहे डीलर
भाकियू तोमर गुट के नगर अध्यक्ष पप्पू जख्मी ने एडीएम को दिये ज्ञापन में बताया कि राशन लेने के लिए लाभार्थियों से आयुष्मान कार्ड मांगा जा रहा है और आयुष्मान कार्ड नहीं दिखाने पर बिना राशन दिए वापस भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को हर यूनिट पर दो किलो राशन कम किया जा रहा है। उन्होंने एडीएम से कार्रवाई की मांग की।
सड़कों का निर्माण कराने की मांग की
किसान रविंद्र मुखिया ने दोघट से कान्हड़, दोघट से मौजिजाबाद नांगल समेत अन्य मार्गाें की खराब हालत पर नाराजगी जताई। उन्होंने जल्द सड़कों का निर्माण कराने की मांग की।