शराब तस्कर से तंग आकर उठाया कदम, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। जौनमाना गांव में शराब तस्कर के उत्पीड़न से तंग आकर शुुक्रवार को एक परिवार ने अपने घर पर ‘मकान पर बिकाऊ है’ का पोस्टर चस्पा कर दिया। आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे आहत होकर उन्होंने गांव से पलायन की तैयारी की।
जौनमाना गांव की रहने वाली आशा देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग अवैध शराब का धंधा करते है। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी। आरोप है कि पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। पुलिस में शिकायत करने पर एक जुलाई को उसके पति सुरेंद्र के साथ आरोपियों ने मारपीट की थी। इसकी शिकायत भी पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद आरोपी उनके घर में घुस गए और उनके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देने लगे। एक बार फिर पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोपियों के डर से उन्होंने गांव से पलायन करने का मन बना लिया है। इसी के चलते शुक्रवार को उन्होंने अपने घर पर ‘मकान पर बिकाऊ है’ का पोस्टर चस्पा कर दिया।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।