उत्तर प्रदेश के बागपत में खेकड़ा गांव कर्मचारी को फोन करके गालियां देने के मामले में सीएचसी प्रभारी चिकित्सक की जांच शुरू हो गई है। बागपत के तीन चिकित्सकों ने सीएचसी पहुंचकर चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों के बयान लिए हैं।
सूचना के अनुसार दो दिन पूर्व खेकड़ा सीएचसी अधीक्षक ने नशे में एक कर्मचारी को फोन करके गालियां देने की ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसके बाद रविवार को उसकी व्हाट्सएप की स्क्रीनशॉट भी वायरल हुई। उसमें वह अपने वर्ग की एक महिला कर्मी को उच्च वर्ग की महिला कर्मी के बारे में जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उसे सबक सिखाने की बात कह रहा है।
यह भी पढ़ें: भारी पड़ा भरोसा: खाली तिजोरी देख बेहोश हुई बिल्डर की पत्नी, बेटी की शादी से पहले लगी 80 लाख की चपत
रविवार को अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों उमेश शर्मा, अनुज शर्मा, अनुज कौशिक, पुनीत शर्मा आदि ने ऑडियो और स्क्रीनशॉट प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को भेजकर आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले में आरोपी चिकित्सक के खिलाफ जांच शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को बागपत से डॉ. अरविंद मलिक, डॉ. गजेंद्र कुमार और डॉ. मसूद अनवर सीएचसी पर जांच करने के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने सीएचसी पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के बयान दर्ज किए। प्रभारी चिकित्सक की गालीगलौज से आहत संविदा कर्मी सचिन शर्मा ने उन्हें सीएमओ को प्रभारी चिकित्सक की भेजी शिकायत की प्रति भी दी। वहीं, डॉ. अरविंद मलिक ने बताया कि वे जांच रिपोर्ट सीएमओ को सौंपेंगे।