खेकड़ा। मंगलवार को हुई दसवीं के छात्र सचिन की हत्या के नामजद मृतक के दोस्त को गिरफ्तार कर पुलिस ने 24 घंटे में ही केस का खुलासा कर दिया। बकौल पुलिस सचिन और उसका दोस्त एक ही लड़की से प्यार करते थे, लिहाजा प्रेम में बाधक बनने की वजह से ही सचिन के दोस्त पुनीत ने प्रेमिका से मुलाकात के बहाने खेत में बुलाकर दो साथियों संग मिलकर उसकी हत्या कर दी।
मंगलवार की सुबह रामपुर मोहल्ला निवासी सचिन उर्फ बोबी का शव गांव के बड़ा गांव में एक खेत के निकट पड़ा मिला था। उसके चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार और ईंटो से वार किए गए थे। खेत से खून से सने गन्ने, ईंट बरामद की थी। खोजी कुत्तों की पड़ताल में शक की सुई उसके दोस्तों पर ही जा रही थी।
सीओ श्वेताभ पांडेय ने बुधवार दोपहर को थाने में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि हत्याकांड में नामजद आरोपी बड़ा गांव निवासी बिट्टू को पुलिस ने बुधवार की देर रात में ही गिरफ्तार कर लिया। बकौल सीओ पूछताछ में बिट्टू ने बताया कि सचिन का एक छात्रा से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
उसी लड़की से अपने ननिहाल में बड़ा गांव में रह रहे पुन्नी उर्फ पुनीत के भी प्रेम प्रसंग थे इसी बात को लेकर सोमवार को पुनीत और सचिन की फोन पर आपस में कहासुनी भी हो गई थी। इसके बाद पुनीत ने ही उसकी हत्या की योजना बनाई। इसमें उसने अपने दोस्त बिट्टू और प्रिंस को शामिल किया।
योजना के तहत पुनीत और बिट्टू सचिन को उसकी प्रेमिका से मिलाने के बहाने मंगलवार की शाम को करीब छह बजे बड़ा गांव के निकट एक नलकूप पर ले गए। योजना के तहत बीच रास्ते में उनका दोस्त प्रिंस भी उन्हें मिल गया। तीनों ने नलकूप पर जाकर पहले शराब पी।
उन्होंने मोबाइल पर किसी से बात करने का नाटक रच सचिन की प्रेमिका को नलकूप पर बुलाने की बात कही, ताकि सचिन को उनपर शक न हो। इसी बीच प्लानिंग के तहत पुनीत और प्रिंस ने बेल्ट से सचिन का गला घोट दिया ,इसके बाद बिट्टू ने खेत में पड़े गन्ने से सचिन के सिर पर वार किए।
उसके चहरे पर ईंटों से वार किए गए। पुनीत से घर से लाई धारदार बलकटी से उसकी छाती पर वार कर उसकी हत्या कर दी और उसके शव को घसीटकर दूसरे खेत में डाल दिया। हत्या करने के बाद तीनों पुनीत के घेर में पहुंचे और खून से सने कपड़ों को पुनीत और प्रिंस ने घेर में ही जला दिया जबकि परिजनों के आ जाने से बिट्टू भाग गया। उसने अपने खून से सने कपड़े ललियाना गांव के निकट तालाब में डाल दिए। तीनों आरोपी अलग अलग स्थानों को फरार हो गए।
सीओ ने बताया कि पुनीत इन तीनों में सबसे शातिर किस्म का अपराधी है, वह कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने बिट्टू का चालान कर दिया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। सीओ ने बताया कि इस केस में प्रिंस को भी आरोपी बना लिया गया है। एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।
पिता को पुलिस ने किया संतुष्ट
खेकड़ा। जिस समय पुलिस इस घटना का खुलासा कर रही थी, मृतक सचिन के पिता श्यामसुंदर कई लोगों के साथ थाने पहुंचे और इस खुलासे से असंतुष्टता जताई और सही खुलासा न करने का आरोप लगाया। सीओ और एसओ ने मृतक उसकी हत्या के आरोपी दोस्त और उक्त लड़की के फोन की कॉल डिटेल के साथ ही आरोपी से भी उन्हें मिलवाया जिसके बाद वह काफी हद तक संतुष्ट होकर लौट गए।
बलकटी को चूमा
खेकड़ा। आरोपी बिट्टू से पूछताछ का हवाला देते हुए सीओ ने बताया कि पुनीत ने लड़की से प्रेम प्रसंग में बाधा बने सचिन की हत्या के बाद हत्या करने वाली बलकटी को चूमा और अपने घेर में जाकर मुंह से चूमा और छत पर फें क दिया।
हत्या के बाद भी करते रहे वार
खेकड़ा। हत्यारोपी बिट़टू ने पत्रकारों के समक्ष बेखौफ होकर कहा कि उन्होंने दिन में ही सचिन की हत्या की योजना बना ली थी। वह गला घोटकर अथवा बलकटी से वार करके ही मृतक की हत्या करना चाहते थे, लेकिन शराब के नशे में होने के कारण सचिन की हत्या करने के बाद भी उसके चेहरे पर ईंट, गन्नों और बलकटी सेवार करते रहे।
पिता बोला, फांसी की पैरवी करूंगा
खेकड़ा। सचिन के पिता श्यामसुंदर ने थाने में रोते हुए एसओ से कहा कि उसके बेटे के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। वह भी अपने बेटों के हत्यारों को कड़ी सजा दिलाने को कोर्ट में मजबूत पैरवी करेगा ताकि उन्हें फांसी की सजा हो सके।