बागपत कोतवाली में तहरीर लिखवाते सीएचसी अधिक्षक प्रमोद कुमार
- फोटो : amar ujala
बागपत। पुराने कस्बे के देशराज मोहल्ले में टीकाकरण के लिए प्रेरित करने गई सीएमसी की पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विशेष समुदाय के एक परिवार के लोगों ने उसके बाल पकड़कर घसीट-घसीटकर बेरहमी से पिटाई की। इससे गुस्साए स्वास्थ्यकर्मियों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बागपत के देशराज मोहल्ले में आंगनबाड़ी मधुबाला के सेंटर पर बुधवार को टीकाकरण शिविर लगा था। एएनएम पूनम टीकाकरण कर रही थी। सीएमसी बच्चों को टीकाकरण के लिए लेकर आ रही थी। सीएमसी कमलेश के मुताबिक, वह पड़ोस के विशेष समुदाय के एक मकान में बच्चे को टीका लगवाने के लिए कहने गई तो परिवार की महिलाओं ने मना कर दिया। इस दौरान परिवार के एक युवक ने उसके साथ गाली-गलौज कर अभद्रता की। बाद में 3-4 युवकों ने उसके बाल पकड़कर गली में घसीटकर बुरी तरह पिटाई की। बताया जाता है कि सीएमसी को आरोपियों ने कमरे में बंधक बनाकर भी पीटा। एक आंगनबाड़ी ने वहां पर पहुंचकर उसकी जान बचाई और उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
बाद में सीएचसी अधीक्षक प्रमोद कुमार, स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, महिला कर्मचारी और आंगनबाड़ी कोतवाली पहुंचीं। उनकी पुलिसवालों से काफी नोकझोंक हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी नहीं पकड़े जाएंगे, वे काम नहीं करेंगी।
सीएमसी के हमलावरों पर केस दर्ज
बागपत। सीएचसी अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया बच्चे को टीका लगवाने के लिए कहने गई सीएमसी की गुलफाम के परिवार के लोगों ने कमरे में बंद कर बुरी तरह से पिटाई की। वह किसी तरह से कमरे से बाहर निकलकर आई तो आरोपियों ने पीछा कर उस पर हमला किया। इस मामले में आरोपी गुलफाम के परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। बताया जाता है कि आरोपियों ने स्वास्थ्य कर्मी की ईंटों से भी पिटाई की। इस मामले में पुलिस आरोपी एक महिला को कोतवाली ले आई है। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी के अनुसार इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।