बड़ौत। मवीकलां गांव के ग्रामीणों ने शनिवार को तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और गांव के कुछ असामाजिक तत्वों पर वन विभाग के कर्मचारियों से मिलीभगत कर विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने और हरे पेड़ काटने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
गजेन्द्र, रामबीर, धर्मवीर, प्रताप आदि ने बताया कि मवीकलां में वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से पेड़ काटे जा रहे हैं। साथ ही 20 बीघे जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिस कारण विभाग के राजस्व को काफी नुकसान पहुंचा रहा है। आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से यह खेल चल रहा है। यदि कोई ग्रामीण इस संबंध में शिकायत करता है तो उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी जाती है, जिस कारण असामाजिक तत्वों और वन विभाग के कर्मचारियों के हौंसले बुलंद है। उन्होंने जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम सुभाष सिंह ने वन क्षेत्राधिकारी से बातचीत कर अवैध कब्जा हटवाएं जाने का आश्वासन दिया।