बागपत। पुराना कस्बा के केतीपुरा मोहल्ला निवासी गन्ना क्रेशर संचालक इकराम उर्फ मोटा (40) की हत्या के मामले में पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस का दावा है कि रुपये के लेनदेन में मोस्ट वांटेड रहे राहुल खट्टा के गुर्गे ने उनकी हत्या की है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बागपत के केतीपुरा मोहल्ला निवासी इकराम उर्फ मोटा गन्ना क्रेशर चलाते थे। वे 22 सितंबर की रात अपने मकान के आंगन में सोए थे। रात करीब तीन बजे उनका बेटा आरिफ जागा तो उसके पिता इकराम अपनी चारपाई पर नहीं थे। तलाश करने पर यमुना खादर में उनका गोली लगा शव पड़ा मिला था। मामले में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि जांच में पता चला है कि इकराम की रुपये के लेनदेन में हत्या की गई है। हत्या करने वाला अपराधी है, जिसका राहुल खट्टा गैंग से संपर्क है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
सराफा व्यापारी अपहरण केस में भी आरोपी शामिल
कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि शहर के बड़ा बाजार से 28 मार्च 2015 को सराफ प्रदीप वर्मा का राहुल खट्टा ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण किया था। इकराम की हत्या करने वाला अपराधी, प्रदीप वर्मा के अपहरण करने में भी शामिल रहा था। उस केस में भी आरोपी अपराधी फरार चल रहा है।