- जैन इंटर कॉलेज बागपत की छात्राओं ने कोतवाली बागपत का किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। किसी भी जगह कुछ गलत हो रहा है तो चुप्पी तोड़कर पुलिस को बताएं। पुलिस से डरना नहीं है, पुलिस का साथ देना है। ये बातें दोस्त पुलिस कार्यक्रम में एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने छात्राओं को बताईं। उन्होंने छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक किया।
अमर उजाला के दोस्त पुलिस कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जैन इंटर कॉलेज बागपत की छात्राओं ने बागपत कोतवाली का भ्रमण किया। एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने बताया कि पुलिस हमेशा सभी की मदद के लिए तैयार रहती है। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट आदि के बारे में बताकर जागरूक किया।
सीओ बागपत अंशु जैन ने छात्राओं को बताया कि अगर कोई थाने में नहीं आना चाहती हैं तो महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 व डायल 112 पर शिकायत कर सकते हैं। कहा कि सरकार भी मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाना चाहती है, जिससे वह अपने अधिकारों को जान सकें और उत्पीड़न होने पर चुप न बैठें।
एएसपी व सीओ ने छात्राओं से सवाल किए और उनका जवाब देने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी व क्राइम इंस्पेक्टर रामकुमार कुंतल ने छात्राओं को प्रभारी कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष में ले जाकर पुलिस के कामकाज के बारे में बताया। इस दौरान शिक्षिकाएं अर्चना जैन, अनीता रानी, रजनी जैन के अलावा छात्राएं फरीन, सपना, किरन, पायल, वंदना आदि मौजूद रहीं।
- कॉलेज खुलने व बंद होने के समय पुलिस तैनात रहे
छात्राओं ने एएसपी व सीओ से कहा कि जब कॉलेज सुबह को खुलते हैं और दोपहर में छुट्टी होती है तो पुलिस तब जरूर तैनात होनी चाहिए। कोर्ट रोड व सोनीपत बस स्टैंड पर उस समय पुलिस कर्मियों को तैनात करने के लिए सुझाव दिया गया। इसके लिए एएसपी ने उनको आश्वासन दिया।