- ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट के चला रहे दुपहिया वाहन
- जुर्माने की राशि बढ़ाए जाने के बावजूद नहीं पड़ रहा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। यातायात के नियमों का पालन कराने और लोगों को जागरूक करने के अभियान बेदम साबित हो रहे हैं। सख्ती करने के लिए जुर्माने की राशि बढ़ा दी गई, लेकिन दुपहिया वाहन चालक बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस के सामने ही ट्रिपल राइडिंग करने के मामले नजर आते हैं। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन दौड़ाए जा रहे हैं। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से लेकर शहर के मुख्य मार्गों पर लोग ट्रिपल राइडिंग कर रहे है। उन्हें न तो अपनी जान की परवाह है और न ही कार्रवाई का डर। वहीं, पुलिस रोजाना कोविड़-19 व एमवी एक्ट में चालान कर रही है।
इस तरह बढ़ा जुर्माना
बागपत। यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए जुर्माना दो से ढाई गुणा बढ़ा दिया है। नई गाइडलाइन के अनुसार हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर पांच सौ बजाए एक हजार तथा बिना लाइसेंस गाड़ी चलाने पर दो हजार से पांच हजार का जुर्माना कर दिया है। पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चलाकर लोगों के चालान कर जुर्माना लगा रही है।
चेकिंग और बढ़ाई जाएगी। सड़कों पर दुपहिया वाहन चालकों को नियमों का पालन करना चाहिए। ट्रैफिक पुलिस को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं। - ओमपाल सिंह, सीओ सदर।