बागपत। यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार जिले में पहली बार स्ट्रांग रूमों में डबल लॉक वाली तीन नहीं चार अलमारियां होंगीं। चौथी अलमारी में आकस्मिक स्थिति के लिए प्रश्नपत्रों का अतिरिक्त सेट रखा जाएगा, जो पेपर लीक होने के बाद केंद्रों पर भिजवाया जाएगा, ताकि पेपर निरस्त न हो सके और विद्यार्थियों की परीक्षा आराम से हो सके।
यूपी बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होगी और इसके लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। प्रदेश सरकार परीक्षा को नकलविहीन कराना चाहती है और इसके लिए हर पेपर के दो-दो प्रश्नपत्र सेट छपवाए गए हैं। पहली बार ऐसा हो रहा है कि प्रत्येक विषय के दो-दो पेपर सेट बनाए गए हैं और दोनों प्रश्नपत्र सेट को सुरक्षित रखा गया। पेपर लीक जैसी घटना होने पर तत्काल छात्रों को अतिरिक्त सेट देकर परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
स्ट्रांग रूम एवं उसके अंदर रखी गईं चारों डबल लॉक वाली अलमारियां 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगीं। अतिरिक्त सेट को केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में डबल लॉक वाली अलमारी में रखवाकर सीलबंद किया जाएगा।
इस अलमारी को ऊपर नीचे एवं मध्य में सील किया जाएगा। डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि अतिरिक्त प्रश्नपत्र को सुरक्षित रखवाया गया है और परीक्षा की तैयारी पूरी हो चुकी है।