बागपत। जिले में अब भी कोरोना संक्रमण का खतरा बरकरार है। इसके बावजूद लोग नियमों का उल्लंघन करने से नहीं मान रहे हैं। नगर के बाजारों में सुबह से शाम तक भीड़ रहती है। बाजारों में अधिकतर दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी नहीं समझ रहे हैं। लोगों में न तो कोरोना संक्रमण का भय है और न ही पुलिस कार्रवाई का डर है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर काफी खतरनाक साबित हुई है। मई में साढ़े चार हजार से अधिक लोग संक्रमित हुए और 66 लोगों की मौत हो गई थी। जून के एक सप्ताह में जिले में 135 लोगों में संक्रमण और चार लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण कम होने पर शासन ने सोमवार से शुक्रवार तक बाजार खोलने के निर्देश दिए थे। बाजारों में दुकानों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। जिससे संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ रहा है। बेपरवाह लोगों को न तो पुलिस कार्रवाई का डर है और न ही कोरोना संक्रमण का भय है। नगर के बड़ा बाजार, शौकत मार्केट, पांडव रोड बाजार, यमुना रोड बाजार, कोर्ट रोड, ईदगाह रोड पर दुकानों के अतिरिक्त सब्जी और फलों के ठेलों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। दुकानदार भी उन्हें संक्रमण के प्रति सचेत नहीं कर रहे हैं।
लोगों को किया जा रहा जागरूक
एसडीएम अनुभव सिंह ने बताया कि संक्रमण से बचाव व टीकाकरण के लिए नगर के बाजारों में अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सोमवार को दुकानदारों को लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए थे।
संक्रमण कम हुआ टला नहीं
जिले में संक्रमण की दर कम हुई है, मगर अब भी खतरा बरकरार है। संक्रमण से बचाव के लिए गाइडलाइन का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करना लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है।-डॉ. आरके टंडन, सीएमओ बागपत