शबगा में किसानों को संबोधित करते भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत। संवाद
-भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि किसानों की समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में 17 अक्तूबर को होगी पंचायत
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट (बागपत)। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि आई लव मोहम्मद भाजपा का एजेंडा है और इसके सहारे माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की ताकि प्रदेश का माहौल खराब न हो सके।
राकेश टिकैत बुधवार को दोघट कस्बे में राजेंद्र चौधरी के आवास पर पहुंचे थे। उन्होंने आई लव मोहम्मद पर कहा कि मुस्लिम समाज जितना उसमें फंसेगा, उतना ही पीछे जाएगा। इसलिए मुस्लिम समाज के लोगों को यदि विरोध करना है तो एकांत में करें, न कि सड़कों पर उतरकर आंदोलन करें। यदि माहौल खराब करा तो इसका लाभ भाजपा को पहुंचेगा। कहा कि प्रदेश सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है और उनकी समस्या काे लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने किसानों को गन्ना मूल्य 450 रुपये क्विंटल घोषित करने की मांग की ताकि किसानों को लाभ मिल सके। बिहार चुनाव में भाजपा को इस बार झटका लगेगा, क्योंकि वहां की जनता इस सरकार से परेशान हो चुकी है। वोट चोरी बिहार से शुरू हुई थी और अब भाजपा फिर वोट चोरी करने पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या को लेकर 17 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के सभी जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौपे जाएंगे। इसमें बकाया गन्ना भुगतान, गन्ना मूल्य घाेषित करने, धान केंद्र अधिक बनाने, फसलों पर एमएससी कानून, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की मांग रहेगी। इस मौके पर बिनौली ब्लॉक प्रमुख कुलदीप तोमर, युवा जिलाध्यक्ष धीरज राठी, धर्मेंद्र राठी, प्रमोद तोमर, रामकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।