गांव डगरपुर का माला, पुरानी रंजिश में किया गया हमला, दंपती ने कोतवाली में दी तहरीर
खेकड़ा (बागपत)। गांव डगरपुर में पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों ने घर में घुसकर व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। बीच बचाव को आई उसकी आठ माह की गर्भवती पत्नी के पेट पर लात मार दी। इससे महिला की हालत बिगड़ गई। घायल दंपती ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार की सुबह घायल अवस्था में गांव डगरपुर निवासी कपिल पुत्र रूपराम पत्नी के साथ कोतवाली पहुंचा। तहरीर देकर बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक परिवार से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते शुक्रवार की सुबह पड़ोस के चार लोग उनके घर में घुस आए और उस पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। बीच बचाव में आई उसकी आठ माह की गर्भवती पत्नी के पेट पर लात मार दी। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल दंपती का जिला अस्पताल में इलाज कराया।
कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है। आरोपी हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।