बड़ौत की एक धर्मशाला से बृहस्पतिवार की रात बाहर निकाला गया एक परिवार
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत में रेलवे रोड स्थित एक धर्मशाला से बृहस्पतिवार की रात एक गरीब परिवार को जबरन बाहर निकाल दिया गया। कड़ाके की ठंड में पूरी रात पीड़ित परिवार को महिला और बच्चों के साथ खुले आसमान के नीचे काटनी पड़ी। लोगों ने सूचना पुलिस व तहसील प्रशासन को दी, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। पीड़ित परिवार शुक्रवार की तड़के दिल्ली जाने वाली ट्रेन में रवाना हो गया।
पीड़ित जोगेंद्र पुत्र रामपाल बिहार का रहने वाला है। वह बृहस्पतिवार की सुबह अपनी पत्नी संगीता व तीन बच्चों के साथ बड़ौत रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करने आया था। मजदूरी कर शाम को जब वह नगर की एक धर्मशाला में ठहरने के लिए गया तो आरोप है कि वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे वहां से बाहर निकाल दिया। उसने लोगों के आगे हाथ पैर भी जोडे़ कि उसे बस एक रात काटने दो, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। मजबूरन उसे पूरी रात खुले आसमान के नीचे कड़ाके की ठंड में गुजारनी पड़ी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व तहसील प्रशासन को भी दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में शुक्रवार की तड़के पीड़ित परिवार दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया। रेलवे रोड पुलिस चौकी प्रभारी सत्यवीर सिंह भाटी का कहना था कि उन्हें इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।