अमीनगर सराय। डौला गांव में बिना पंजीकरण चल रहे राणा अस्पताल पर एसडीएम अमरचंद वर्मा व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। अस्पताल के दस्तावेज नहीं मिलने पर संचालिका राखी राणा के खिलाफ सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसडीएम अमरचंद वर्मा, बागपत सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत, पिलाना सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने बुधवार को डौला गांव में राणा अस्पताल पर छापा मारा। अस्पताल की संचालिका राखी राणा निवासी सिसौली जिला मुजफ्फरनगर उपस्थित नहीं मिलीं। वहां वर्षा निवासी डौला और खुशी निवासी सरधना जिला मेरठ मिली, जो अपने शैक्षिक अभिलेख नहीं दिखा सकी। संचालिका राखी राणा के दस्तावेज और अस्पताल का पंजीकरण भी नहीं मिला। इस मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर शर्मा ने बिना पंजीकरण के अस्पताल संचालित करने के आरोप में राखी राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इसकी रिपोर्ट अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मेरठ को भी भेज दी। इस मामले में जांच अधिकारी मनोज चहल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।