-दवाइयों के अभाव में हादसे के दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार मिलना होगा मुश्किल
फोटो संख्या तीन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बड़ौत। परिवहन निगम की बसों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। बसों में फर्स्ट एड बॉक्स या तो खाली मिले हैं या उनमें जरूरी दवाइयां और सामान मौजूद नहीं है। इससे हादसे की स्थिति में घायल यात्रियों को तत्काल प्राथमिक उपचार मिलना मुश्किल होगा।
डिपो की कुछ बसों में खाली डिब्बों पर फर्स्ट एड बॉक्स लिखा हुआ है। ऐसे में यदि यात्रा के दौरान कोई दुर्घटना हो जाए तो घायल यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार मिल पाना मुश्किल होगा। नियमों के तहत बसों में फर्स्ट एड की व्यवस्था जरूरी है। जिस पर विभागीय अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सफर के दाैरान यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी विभाग की होती है। मनोज, प्रवीण, विनय, राहुल आदि यात्रियों का कहना है कि अधिकारियों को बसों का निरीक्षण कर उनमें व्यवस्थाओं को देखना चाहिए। यात्रियों ने दवाइयां व जरूरी सामान बसों में उपलब्ध कराने की मांग की।
ये बोले यात्री
बसों में फर्स्ट एड बॉक्स में दवाइयां व जरूरी सामान का होना जरूरी है ताकि जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार दिया जा सके। यात्रियों की सुरक्षा भी विभाग की प्राथमिकता है। -मोहित
खाली डिब्बों पर फर्स्ट एड बॉक्स लिखने से कोई फायदा नहीं है। इस दिखावे से हादसे के दौरान घायल यात्रियों को उपचार मिलना मुश्किल होगा, जिससे विभाग पर प्रश्नचिह्न उठने जरूरी हैं।- जितेंद्र
-
वर्जन
डिपो की लगभग सभी बसों में फर्स्ट एड बॉक्स लगे हुए हैं, जिनमें दवाइयां व जरूरी सामान उपलब्ध है। हो सकता है कुछ बॉक्स में दवाइयां न हों, उन्हें दिखवाया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। -प्रमोद कुमार, बस संचालन प्रभारी