-गोकलपुरी थाने में तैनात साथियों के कहने पर काठा से बर्फी खरीदकर दिल्ली जा रहे थे होमगार्ड प्रदीप निवासी सुन्हैड़ा
- दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मवीकलां गांव के पास हुआ हादसा, ट्रक छोड़कर भाग गया चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दस साल में पहली बार बाइक लेकर ड्यूटी जा रहे दिल्ली के होमगार्ड प्रदीप कुमार (48) निवासी सुन्हैड़ा की दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर काठा गांव के पास ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। वहां आए पुलिसकर्मियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी।
सुन्हैड़ा गांव के रहने वाले ऋषिपाल ने बताया कि उनके छोटे भाई प्रदीप दस साल पहले दिल्ली में होमगार्ड भर्ती हुए थे, जिनकी ड्यूटी गोकलपुरी थाने में चल रही थी। प्रदीप की रात की ड्यूटी चल रही थी, जो ट्रेन से आना-जाना करते थे। बृहस्पतिवार को थाने में तैनात साथियों ने काठा गांव की प्रसिद्ध मिठाई बर्फी लेकर आने के लिए कहा तो प्रदीप बाइक लेकर घर से चले गए। काठा से बर्फी खरीदने के बाद ड्यूटी पर जाने लगे तो मवीकलां गांव के पास ईंट ढोने वाले ट्रक ने टक्कर मार दी।
इस हादसे में होमगार्ड प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने ट्रक को पकड़ लिया, जबकि उसका चालक भाग गया। इस मामले में जांच अधिकारी एसआई अनिल कुमार यादव ने बताया कि परिवार वाले तहरीर दिए बिना चले गए। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
छोटा भाई आईटीबीपी में तैनात
ऋषिपाल ने बताया कि प्रदीप अपने परिवार में चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। दो भाई खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि सबसे छोटा भाई राहुल आईटीबीपी दिल्ली में तैनात हैं। प्रदीप की शादी हुई थी, लेकिन काफी समय पहले विवाद होने पर समझौता होने के बाद पत्नी चली गई थी।
सड़क हादसे में होमगार्ड प्रदीप की मौत के बाद परिजनों से जानकारी लेते पुलिसकर्मी। संवाद
सड़क हादसे में होमगार्ड प्रदीप की मौत के बाद परिजनों से जानकारी लेते पुलिसकर्मी। संवाद