बड़ौत में होली खेलते युवक व युवती
- फोटो : BARAUT
सुबह से शुरू हो गया था होली का हुड़दंग, डीजे पर किया जमकर डांस
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में सोमवार को होली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से होली का हुड़दंग शुरू हो गया था। नगर से देहात तक लोग रंग-गुलाल से सराबोर दिखाई दिए। जगह-जगह डीजे पर बज रहे गीतों की धुनों पर लोगों ने जमकर डांस किया। एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। गुंजिया और मिठाई व पकवानों का आनंद लिया। युवाओं की टोलियां नगर और देहात क्षेत्र में घूमते हुए देखी गईं। बच्चों ने घरों की छत से रंग और पानी के गुब्बारे आने-जाने वालों पर बरसाए। वहीं, हुड़दंग करने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त करती रही।
अग्रवाल मंडी टटीरी कस्बे के अलावा दोघट, रमाला, छपरौली, अमीनगर सराय, चांदीनगर, सिंघावली अहीर आदि क्षेत्रों में भी होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
कम लोगों ने किया कोरोना गाइडलाइन का पालन
- होली पर्व पर कुछ लोगों ने कोरोना गाइडलाइन का भी पालन किया। हालांकि ऐसे लोगों की संख्या काफी कम रही। ज्यादातर लोग कोरोना संक्रमण को लेकर बेपरवाह दिखाई दिए। बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के लोग गले मिलकर एक-दूसरे को होली की शुभकामना देते दिखाई दिए।