दोघट । पुसार गांव में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने 77 गोवंश लदे छह कैंटर के साथ 15 तस्करों को पुलिस से पकड़वा दिया, जिनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। बरामद किये गये गोवंश सरधना से गुजरात ले जाये जा रहे थे।
हिंदू जागरण मंच के बिनौली ब्लाक अध्यक्ष आदित्य शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को उन्हें गोवंशों से लदी छह कैंटर आने की सूचना मिली। उन्होंने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पुसार बस स्टैंड पर गोवंशों से लदी छह कैंटर रोक लिए। सूचना पुलिस को दी गई। पकड़े गये छह कैंटरों में 77 गोवंश क्रूरता पूर्वक तरीके से लदे मिले। पुलिस ने अंकित निवासी दैहरा जनपद पानीपत, सुरेश निवासी रायगढ़ गुजरात, आसिफ, अजीम, रियासत, शहजाद, राशिद, मोसीन, इमरान निवासी बनत, राशिद निवासी नाला जनपद शामली, लाला निवासी चाउंडकामंड राजस्थान, मुरसलीम, वसीम निवासी हुसैनपुर, इमरान निवासी गोयला सौरम, सादिक निवासी लुसाना रोड बुढ़ाना को गिरफ्तार कर लिया। गोवंश पकड़वाने वालों में सागर पांचाल, बादल पांचाल, वाशु पंवार, सोनू पंवार, विपुल आर्य समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
थाना प्रभारी सोनवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि कैंटरों में बरामद गोवंश मेरठ के सरधना से खरीदकर गुजरात ले जा रहे थे। कैंटर में गोवंश क्रूरतापूर्ण तरीके से भरे जाने पर मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।