-मिस्र की राजधानी काहिरा में हुई प्रतियोगिता, शूटर का गांव पहुंचने पर किया जाएगा स्वागत
फोटो-पांच
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित जूनियर आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में दाहा गांव के शूटर हिमांशु राणा ने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में टीम और व्यक्तिगत दोनों वर्गों में यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से दाहा गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 16 से 27 अप्रैल तक काहिरा में हुई। चौधरी केहर सिंह शूटिंग रेंज के कोच निखिल सिरोही ने हिमांशु की इस उपलब्धि की जानकारी दी। हिमांशु राणा ने इससे पहले दिल्ली में हुई नेशनल चैंपियनशिप में भी दो स्वर्ण पदक और एक कांस्य पदक जीते थे। पदक जीतने की खबर मिलते ही उनके परिजनों और स्थानीय शूटरों में उत्साह भर गया। परिजनों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
चौधरी केहर सिंह शूटिंग रेंज के कोच निखिल सिरोही ने बताया कि हिमांशु राणा ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भाग लिया। उन्होंने टीम स्पर्धा के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। कोच ने हिमांशु की कड़ी मेहनत और लगन की सराहना की।
हिमांशु राणा के पदक जीतने की खबर मिलते ही दाहा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। पिता रामधन सिंह राणा सहित ब्रजपाल सिंह, सतेंद्र राणा, गुल्लू राणा, सत्यपाल राणा, रामफल और सोमपाल राणा जैसे परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। पूरे क्षेत्र के लोगों ने हिमांशु की सफलता को सराहा और उनके गांव लौटने पर भव्य स्वागत की तैयारी कर रहे हैं।