बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर यमुनोत्री हाईवे मार्ग पर शुक्रवार की रात में बाइक से अपने गांव लोयन मलकपुर लौट रहे दो व्यक्तियों को क्रेन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों की मौत हो गई। जबकि वहां से गुजर रहा एक व्यक्ति भी उसकी चपेट में आ गया। इससे वह भी गंभीर घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है।
मृतक बिजेंद्र (52) पुत्र मलखान लोयन और इंद्रपाल (46) पुत्र मंशाराम मलकपुर गांव के रहने वाले हैं। बिजेंद्र अपने साथी इंद्रपाल के साथ बावली गांव में गया था, जब वे शुक्रवार की रात्रि में बाइक से अपने गांव लौट रहे थे तो बड़ौत और पशु पैंठ के बीच बड़ौत की तरफ से किसी क्षतिग्रस्त कार को लेकर जा रही क्रेन ने उन्हें कुचल दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं साइकिल से बावली गांव जा रहे रमेश पुत्र भंवर सिंह इस दुर्घटना की चपेट में आकर घायल हो गया। 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी बड़ौत लाया गया। वहां से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उन्हें दिल्ली रेफर किया। वहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
इस संबंध में मृतक बिजेंद्र के भाई राजेंद्र पुत्र मलखान सिंह ने क्रेन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, इस दुर्घटना के बाद क्रेन चालक क्रेन को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। इस दुर्घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।