बागपत। सरूरपुर कलां के लोगों ने चार दिन से बाधित बिजली आपूर्ति चालू कराने की मांग को लेकर दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे जाम किया। इस दौरान ग्रामीणों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही सरूरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
विगत चार दिन से सरूरपुर कलां गांव में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंका हुआ है। इस कारण गांव में विद्युत सप्लाई ठप हैं। ऊर्जा निगम से कई बार ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार को गांव के लोग एसडीओ का घेराव कर गांव में बिजली व्यवस्था को सुधारने की मांग की।
एक-दो घंटे में व्यवस्था को सुधारने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया था, कार्रवाई शून्य रही। कार्रवाई नहीं होने पर शाम के समय दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे जाम कर दिया। ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बिजली व्यवस्था नहीं सुधरेगी, तब तक रोड जाम रहेगा। सरूरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। विद्युत अधिकारियों के जल्द कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला। इसमें सुभाष, पीतम सिंह, राजेंद्र, राजीव, सुमित, सुधीर, रवि, नरेश आदि रहे।
उधर, सरुरपुर कलां गांव में ग्रामीणों द्वारा किए हाईवे जाम से दोनो ओर कई-कई किलो मीटर लंबा जाम लग गया। वाहन स्वामियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यह ही नही रोड जाम के दौरान गांव के लोगों की वाहन चालकों के साथ नोकझोंक हुई।