दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गौरीपुर मोड़ पर जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सोमवार को मूसलाधार बारिश होने के कारण दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर वाहनों के पहिये थम गए। बारिश होने से गौरीपुर मोड़ पर कीचड़ और जलभराव के कारण जाम लग गया। हाईवे पर कई घंटे जाम की स्थिति रही। उधर, बारिश से लोगों को राहत मिली। फसलों को बारिश से लाभ होगा।
हाईवे की हालत खस्ता है। गौरीपुर मोड़ का तो हाल बुरा है। गड्ढे ईंट-पत्थर और मिट्टी से भर रखे है। बारिश होते ही मार्ग की हालत बिगड़ जाती है। सोमवार को बारिश होने से एक बार फिर ऐसा ही हुआ। मार्ग पर कीचड़ ही कीचड़ हो गया।
वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। इससे वहां पर जाम लग गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इससे वाहन सवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही यातायात और कोतवाली पुलिस जाम को खुलवाने में लगी रही। बारिश होने से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ जिला गन्ना अधिकारी सुशील कुमार ने बताया बारिश होने से गन्ने की फसल को लाभ होगा। हालांकि चारे की फसल में अधिक जलभराव से इसके खराब होने की संभावना हो जाती है। इससे किसान थोड़े चिंतित हैं।