संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गर्मी का सितम लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप और गर्म हवा से लोगों का बुरा हाल है। ़दिनभर पसीना नहीं सूख रहा है। लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, चिकित्सक गर्मी से बचाव के लिए धूप में न निकलने तथा पेय पदार्थों का अधिक सेवन न करने की सलाह दे रहे हैं।
तीन दिन से तापमान लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। वहीं, लू के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। वे जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर में नगर के गली-मोहल्ले सूने हो रहे हैं। मुख्य रास्तों और बाजारों में भी लोगों की संख्या घट रही है। दोपहर में दुकानदार ग्राहकों की बांट जोहते नजर आ रहे हैं। उधर, चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी में तेज बुखार और डायरिया से परेशानी बढ़ जाती है। समय पर उपचार न मिलने से घातक साबित हो सकती है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने गर्मी से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर और सिर को ढककर ही घर से बाहर निकलने तथा पेय पदार्थों व मौसमी फल और हरी सब्जी का सेवन करने की सलाह दी है।
ऐसे करें बचाव
- जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले
- शरीर और सिर को ढककर ही घर से बाहर निकले
- हल्का व पौष्टिक आहार लें, खाली पेट न रहे
- पानी के साथ जूस, नींबू पानी का सेवन करें
- पौष्टिक आहार के साथ मौसमी फल का सेवन करें
- गर्मी या लू गलने पर गर्दन, सिर पर गीला कपड़ा रखें
- थोड़े-थोड़े अंतराल पर ओआरएस का घोल और पेय पदार्थ लें
- दिक्कत होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें
एक सप्ताह में तापमान की स्थिति
दिनांक तापमान
14 मई 44
13 मई 42
12 मई 41
11 मई 38
10 मई 38
09 मई 38
जिला अस्पताल के बेड फुल, ओपीडी एक हजार के पार
गर्मी से बुखार और डायरिया के मरीज बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल के सभी बेड फुल हो गए हैं। लोगों को भर्ती कराने के लिए छह बेड का अलग से ब्लॉक तैयार कराया है। जिला अस्पताल में ओपीडी एक हजार तक पहुंच गई है। जिला अस्पताल में आने वाले अधिकतर मरीज बुखार और डायरिया पीड़ित हैं। जिला अस्पताल में बुखार और डायरिया के 50 मरीज भर्ती हैं। सीएमएस डॉ. एसके चौधरी ने बताया कि गर्मी के कारण बुखार व डायरिया के मरीज बढ़ रहे हैं।