-संभल पुलिस की टीम ने गुराना मार्ग पर तीन जगहों पर छापा मारकर की कार्रवाई
-कारोबारी और उसके बेटे समेत तीन को पकड़कर साथ ले गई संभल पुलिस
फोटो संख्या 3
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। शहर के गुराना मार्ग पर स्थित तीन फैक्टरियों में मिलावटी देशी घी बनाकर कई जिलों में सप्लाई किया जा रहा था। बुधवार को संभल जिले की पुलिस ने कारोबारी प्रवीण जैन के तीन ठिकानों पर छापा मारकर सात क्विंटल से ज्यादा बना हुआ और अधबना घी समेत अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने कारोबारी, उसके बेटे समेत तीन को पकड़ लिया और उनके अपने साथ ले गई।
कारोबारी प्रवीण जैन घी बनाकर उसे कई जिलों में सप्लाई करने का काम करते हैं। इसके लिए उन्होंने तीन मकानों को किराये पर लिया हुआ है। इन तीनों जगह संभल जिले की पुलिस ने इंस्पेक्टर रामवीर सिंह के नेतृत्व में छापामारी की। उन्होंने बताया कि मंगलवार को चेकिंग के दौरान संभल में कारोबारी की घी से भरी गाड़ी पकड़ी गई थी। इसकी खाद्य विभाग की टीम से जांच कराई गई तो वह सही नहीं मिला। गाड़ी के चालक से पूछताछ की गई तो उसने बड़ौत से घी लाने की जानकारी दी। चालक की निशानदेही पर बुधवार को कारोबारी के ठिकानों पर छापामारी की गई। टीम ने तीनों जगहों से 25 टिन, एक-एक किलो घी के पैकेट के दस बोरे, अधबना घी, मशीनें और घी बनाने की सामग्री बरामद की। वे वहां से बरामद घी और सामान गाड़ी में भरकर संभल ले गए। पुलिस ने बताया गया कि संभल में कारोबारी समेत अन्य से पूछताछ की जाएगी।
-
ब्रांडेड कंपनी अमूल व मधुसूदन के रैपर भी बरामद किए
कारोबारी जिन जगहों पर यह घी बनाने का काम कर रहा थे। वहां से टीम ने अमूल, मधुसूदन कंपनी के रैपर भी बरामद किए गए। इससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि इन ब्रांडेड कंपनी के रैपर लगाकर इस नकली घी को बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। इसकी किसी को अब तक भनक तक नहींं थी।
आखिर कहां किया जा रहा घी को सप्लाई
इस घी को कहां-कहां पर सप्लाई किया जा रहा था। अभी तक इसके बारे में कारोबारी ने पुलिस को जानकारी नहीं दी है। पुलिस के अनुसार इस कारोबार में अन्य लोगों के जुड़े होने की बात सामने आ रही है क्योंकि इतने बड़े स्तर पर इस कारोबार को करना संभव नहीं है।
तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद में मिलावटी घी के बड़ौत से जुड़े थे तार
आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद में मिलावटी घी के इस्तेमाल पर भी पर खूब बवाल हुआ था। जांच के लिए पिछले साल मार्च माह में आंध्र प्रदेश की स्पेशल सेल की टीम बड़ौत के गुराना रोड पर ही पहुंची थी। यहां पर एक मकान में छापा मारा गया था। टीम यहां से मिले दस्तावेजों की वीडियोग्राफी करके ले गई थी। जांच में सामने आया था कि बालाजी मंदिर में बड़ौत से रिफाइंड सप्लाई किया जाता था, जिससे प्रसाद के लिए लड्डू तैयार किए जाते थे।
संभल पुलिस को आ गई घी की महक, बड़ौत के अफसरों को पता नहीं
बड़ौत शहर में नकली घी बनाने का कारोबार चल रहा है। इसकी महक संभल पुलिस तक पहुंच गई, लेकिन बड़ौत के अफसरों को इसका पता तक नहीं चला। बताया गया कि कारोबारी पिछले कई साल से घी बनाने का काम कर रहा है और कई जिलों में सप्लाई भी किया जा रहा है।