बागपत। धनौरा सिल्वरनगर में बुखार से बुजुर्ग महिला प्रकाशी (70) की मौत की सूचना पर बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। जहां टीम ने मृतका के परिजनों से जानकारी ली। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मृतका फेफड़े ओर जोड़ों की बीमारी से पीड़ित थी और उसका तीन साल से इलाज चल रहा था। महिला फिलहाल दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा था।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा और सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बृहस्पतिवार को टीम के साथ गांव का सर्वे किया। डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि सर्वे के दौरान गांव में गमलों में डेंगू का लार्वा मिला। इसके अलावा गांव में जगह-जगह गंदगी मिली। उन्होंने बताया कि एडीओ पंचायत व ग्राम प्रधान से गांव में सफाई अभियान चलाने और दवा का छिड़काव कराने के लिए कहा गया।
सर्वे के दौरान ग्रामीणों को बीमारी से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाने और घर के आसपास पानी इकट्ठा न होने देने के लिए जागरूक किया। गांव में घर-घर का सर्वे कराने के लिए आशा का टीम लगाई गई है। टीम घर-घर जाकर लोगों को बीमारी से बचाव के लिए जागरूक करेगी और बीमार लोगों की डाटा तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराएंगी।