खेकड़ा। मोहल्ला अहिरान स्थित कंटेनमेंट जोन में छात्रा के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उसके संपर्क में आने वालों का सैंपल लेने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को क्षेत्रवासियों का विरोध झेलना पड़ा। इसके बाद टीम ने कोतवाली पुलिस बुलवा कर 18 लोगों के सैंपल लिए।
मोहल्ला अहिरान में पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन सत्यप्रकाश मित्तल वाली गली में कोरोना संक्रमित 14 मरीज मिल चुके हैं। इनमें एक छात्रा दो दिन पूर्व ही संक्रमित मिली है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम मोहल्ले में लोगों के सैंपल लेने पहुंची। टीम को देख लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। टीम ने कोविड अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉक्टर ताहिर को सूचना दी। डॉ. ताहिर ने कोतवाली प्रभारी को मामले से अवगत कराया। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद टीम नेे 18 लोगों के सैंपल लिए। प्रभारी चिकित्सक ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में 40 से अधिक सैंपल पहले ही लिए जा चुके है। छात्रा के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शुक्रवार को 18 और लोगों के सैंपल लिए गए है।