बागपत। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को अप्रशिक्षित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने पांच क्लीनिक सील कर दी तथा रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी है। इस दौरान एक चिकित्सक क्लीनिक छोड़कर भाग निकला।
नोडल अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने ठाकुरद्वारा मोहल्ला और मेरठ रोड स्थित क्लीनिक पर छापा मारा। टीम को क्लीनिक चला रहे लोग अपना रजिस्ट्रेशन नहीं दिखा पाए। मेरठ रोड पर डेंटल क्लीनिक चला रहा अप्रशिक्षित चिकित्सक क्लीनिक छोड़कर भाग निकला।
नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि सोमवार को ठाकुरद्वारा में डॉ. आजाद क्लीनिक, मिर्जा क्लीनिक और मेरठ रोड पर अत्री क्लीनिक, सलीम क्लीनिक तथा डेंटल केयर क्लीनिक का निरीक्षण किया गया। इसमें से कोई भी रजिस्ट्रेशन नहीं दिखा पाया। वहीं, डेंटल केयर क्लीनिक पर मौजूद व्यक्ति टीम देखकर दुकान का शटर बंदकर भाग गया। रजिस्ट्रेशन न दिखाने और क्लीनिक छोडक़र भागने वाले का क्लीनिक सील कर दिया है। सभी क्लीनिक संचालकों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।